बोधाश्रम पर सड़क खोद दी गई है, जिससे परेशानी होती है
विद्युत विभाग की अंडरग्राउंड लाइन डालने के लिए जेएसपी कंपनी के रोड कटिंग करने के बाद सीसी से निर्माण न करने का सोमवार को बोधाश्रम पर लोगों ने हंगामा किया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से अंबेडकर शोभायात्रा निकाली जाएगी, ऐसे में गंभीर हादसा हो सकता है। मौके पर पहुंचे अफसरों ने कंपनी को ठेका निरस्त करने की चेतावनी दी।
विद्युत विभाग द्वारा शहर की विद्युत व्यवस्था सुचारु करने के लिए पूरे शहर में अंडरग्राउंड लाइन डालने का काम कराया जा रहा है। जेएसपी कंपनी की अंडरग्राउंड लाइन डालने को पूरे शहर में जगह-जगह सड़कों को खोदकर डाल दिया गया, लेकिन मानक के अनुरूप सड़कों का निर्माण नहीं किया जा रहा। नगर निगम ने करीब सवा साल पहले पाइप लाइन डाली थी जिसके लिए बोधाश्रम की मेनरोड को खोदकर डाल दिया था। अब विद्युत विभाग की लाइन डालने के लिए दूसरी साइड की सड़क को खोद दिया गया। इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा है।
अप्रैल माह में इसी मार्ग से अंबेडकर शोभायात्रा भी निकली जाएगी। हादसे की आशंका को देखते हुए क्षेत्रीय जनता में आक्रोश था। ठेकेदार ने पेंचवर्क के नाम पर खानापूरी करते देख लोगों में आक्रोश भड़क गया। लोगों की मांग थी कि रोड का सीसी निर्माण कराया जाए। हंगामे की सूचना पर नगर निगम के नगर अभियंता रमाशंकर राम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी कि मानक के अनुरूप सीसी रोड का निर्माण किया जाए।
नई बस्ती, चौकी गेट पर भी धंसी सड़कें
जेएसपी कंपनी की रोड कटिंग के बाद पेंचवर्क के नाम पर मात्र खानापूरी की जा रही है। क्षेत्रीय जनता के विरोध के चलते नगर निगम अफसरों ने कई स्थानों पर कार्य भी बंद कराया। नई बस्ती चौकीगेट पर भी रोड कटिंग के बाद पेंचवर्क के नाम खानापूरी कर दी गई। इससे जगह-जगह सड़क धंस गई हैं।