जसराना। थाना क्षेत्र के गांव खडीत में करीब चार माह पूर्व हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित दिलीप कुमार का आरोप है कि 18 सितंबर 2025 को गांव के ही अमर सिंह और भंवर सिंह ने प्लॉट विवाद को लेकर उनके घर में घुसकर छत गिराने का प्रयास किया और विरोध करने पर उनके पिता, माता, पत्नी व भाभी को बेरहमी से पीटा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों के पुलिस विभाग से जुड़े होने के कारण स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उल्टा पीड़ित के पिता का ही शांतिभंग में चालान कर दिया। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने अदालत की शरण ली। कोर्ट के कड़े रुख के बाद अब थाना जसराना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजेश पांडेय के अनुसार साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।