फिरोजाबाद के थाना उत्तर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात 23 जून को बुजुर्ग से टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर अपराधियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। बैंदी की पुलिया के पास हुई इस मुठभेड़ में खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी थी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो टप्पेबाज पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगे गए आभूषण बेचकर कमाए गए 1.50 लाख नकद, तीन तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बीते 23 जून की सुबह थाना उत्तर क्षेत्र के निवासी कृष्णा के बुजुर्ग पिता सुबह की सैर कर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बुजुर्ग को अपनी बातों के जाल में फंसाकर उनकी सोने की माला और सोने की अंगूठी उतरवा ली और रफूचक्कर हो गए थे। थाना उत्तर पुलिस की तीन विशेष टीमें गिरफ्तारी के प्रयास में जुटीं थीं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहनता से परीक्षण करने पर आगरा के चार शातिर अपराधियों के नाम प्रकाश में आए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
शुक्रवार रात चारों अभियुक्त के बारे में सूचना मिली थी। बैंदी की पुलिया के पास घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस टीम को सामने देख बदमाशों ने भागने का प्रयास करते हुए सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी जग्गू उर्फ जगदीश और सुभाष पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, घेराबंदी कर भाग रहे उनके दो अन्य साथियों तनुज और दिनेश चंद्र को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल जग्गू उर्फ जगदीश निवासी रूई की मंडी, थाना शाहगंज, आगरा शातिर अपराधी है। उस पर दिल्ली, ग्वालियर और आगरा में चोरी, लूट व धोखाधड़ी के कुल 09 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा घायल सुभाष यादव निवासी मां कैला देवी स्टेट कॉलोनी, शाहगंज, आगरा है। इस पर भरतपुर-राजस्थान, आगरा में गैंगस्टर, धोखाधड़ी और चोरी के कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे तनुज गोस्वामी निवासी रूई की मंडी, जोगीपाड़ा, शाहगंज, आगरा पर भी ग्वालियर, आगरा में गैंगस्टर, चोरी, लूट व धोखाधड़ी के कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, चौथे अभियुक्त दिनेश चंद्र गोस्वामी निवासी महादेव मंदिर के पास, सिकंदरा रोड, जगदीशपुरा, आगरा पर धौलपुर-राजस्थान में रंगदारी व धोखाधड़ी का 1 मुकदमा दर्ज है।