आगरा हाईवे पर एफएच मेडिकल कालेज के सामने असंतुलित मैजिक ने बाइक सवार मां-बेटे और सड़क किनारे खड़े कालेज स्टाफ की महिला स्वास्थ्य कर्मी सहित चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य दो को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में भर्ती कराया गया है।
टूंडला के आनंद नगर निवासी नीरज कुमार (25) पुत्र बिल्लाराम अपनी बाइक से घर लौट रहा था। बाइक पर उसकी मां कलावती भी थीं। एत्मादपुर ओवरब्रिज की ढलान पर एफएच मेडिकल कालेज के सामने पीछे से आ रही असंतुलित मैजिक ने बाइक को अपनी जद में ले लिया। हादसे में मां-बेटे घायल हो गए। वहीं असंतुलित मैजिक ने सड़क किनारे खड़े एफएच मेडिकल कालेज के नर्सिंग स्टाफ की महिला कर्मी नम्रता (35) पत्नी गोपीचंद्र राजौरिया निवासी उसायनी और लियाकत अली (32) पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी नगला खार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने घायल कलावती, नीरज और नम्रता को आगरा एनएन मेडिकल कालेज भेजा। वहीं लियाकत अली को एफएच मेडिकल कालेज टूंडला में भर्ती कराया।
‘नम्रता हुई साजिश की शिकार’
टूंडला (ब्यूरो)। एफएच मेडिकल कालेज की महिला स्वास्थ्य कर्मी नम्रता की इस हालत के लिए मेडिकल कालेज स्टाफ जिम्मेदार है। वह साजिश का शिकार हुई है। यह आरोप नम्रता के भाई पुष्पेंद्र पांडेय ने लगाए हैं। पुष्पेंद्र ने आरोप लगाया कि नम्रता को हाल ही में स्टाफ की लड़की ने धमकी दी थी। उसे एफएच अस्पताल में कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई और न ही उन्हें सही जानकारी दी गयी।