फिरोजाबाद में पूर्व विधायक के पाैत्र की हत्या में चाैंकाने वाला खुलासा हुआ है। युवक की हत्या करने का महिला पार्टनर के पति पर आरोप है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदनामी के चलते उसने युवक की हत्या की।
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में एक अप्रैल की रात पूर्व विधायक के पौत्र की सरेराह कार से कुचलकर हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि शिवम खुद को दुकान में हिस्सेदार बताता था। वह जबरन दुकान और उसके घर आता था। उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। इसका वह फायदा उठा रहा था। इसी के चलते उसने शिवम की हत्या कर दी।
दक्षिण थाना क्षेत्र के कोटला मोहल्ला निवासी शिवम यादव (35) की एक अप्रैल की रात दुकान बंदकर घर जाते समय कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता अशोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने योगेंद्र, भूरी, मुनीम, राजू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने कोटला रोड कुशवाह मार्केट निवासी योगेंद्र कुमार को बृहस्पतिवार को सनक सिंह के भट्ठे से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पत्नी के पास शिवम आता था। मेरी कपड़े की दुकान पर पत्नी बैठती थी। शिवम भी आकर बैठ जाता था और लोगों से कहता था कि दुकान में मेरी पार्टनरशिप है। जबकि ऐसा कुछ नहीं है। पत्नी और मेरे बीच में दो तीन मुकदमे दबरई कोर्ट में चल रहे हैं। शिवम की वजह से मोहल्ले में मेरी बदनामी हो रही थी। ऐसे में उसने शिवम की हत्या कर दी।
पुलिस की पूछताछ में बच गए तीनों आरोपी
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र को गिरफ्तार के बाद पूछताछ की तो उसने हत्या का कारण बताया। साथ ही उसने बताया कि शिवम की बाइक में टक्कर मारते समय वह कार में अकेला ही था। उसके साथ कोई भी नहीं था। अब पुलिस अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार करती है या नहीं यह चर्चा का विषय बना हुआ है।