टूंडला। भारत भ्रमण पर आए विदेश पर्यटक का ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल छूट गया। शिकायत पर जीआरपी ने मोबाइल को खोजते हुए पर्यटक के हवाले किया है। ट्रेन में छूटा मोबाइल मिलने पर विदेशी पर्यटक ने यूपी पुलिस की सराहना की है।
आस्ट्रेलिया के डंकन राइस परिवार सहित भारत भ्रमण पर आए हुए हैं। सोमवार को वह वाराणसी से टूंडला के लिए ट्रेन संख्या 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच संख्या एम-1 में सफर कर रहे थे। ट्रेन के टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वे उतर गए। उसके बाद उन्हें याद आया कि उनका मोबाइल ट्रेन में ही छूट गया है।
उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत राजकीय रेलवे पुलिस थाने में दी। जीआरपी प्रभारी अमित कुमार ने ट्रेन में चल रहे स्टाफ और टीटीई से संपर्क करते हुए मोबाइल को अलीगढ़ पहुंचते-पहुंचते प्राप्त कर लिया। उन्होंने विदेशी पर्यटक डंकन राइस को आगरा के ताजगंज स्थित होटल कोरल हाउस होम स्टे पर जाकर उनके सुपुर्द कर दिया।