मतदान के दिन अवकाश को लेकर हड़ताल करते हिंद लैंप्स के श्रमिक।
हिंद लैंप्स फैक्ट्री के श्रमिकों ने 11 फरवरी को मतदान दिवस पर पूरे दिन का अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को हड़ताल कर दी। श्रम विभाग की मध्यस्थता के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे दिन के अवकाश की बात मान ली। हड़ताल के चलते शुक्रवार को सुबह आठ बजे से दोपहर पौने दो बजे तक उत्पादन बंद रहा।
हिंद लैंप्स फैक्ट्री के प्रबंधन वर्ग द्वारा नोटिस बोर्ड पर 11 फरवरी को मतदान के लिए कर्मचारियों को सवेतन अवकाश देने की बात लिखी गई थी। सायं चार से रात आठ बजे तक की पाली के कर्मचारी सायं पांच बजे ड्यूटी पर आएंगे। इस पर इंडिकेट श्रमिक संघ के नेताओं का कहना था कि शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान की लाइन में लगा कर्मचारी पांच बजे काम पर नहीं आ सकेगा। इस कारण पूरे दिन का अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। इसके बाद श्रमिकों ने हड़ताल कर दी। हड़ताल की जानकारी पर फिरोजाबाद से श्रम प्रवर्तन अधिकारी एसपी पांडेय, विक्टर जॉन और आरके गुप्ता पहुंच गए। इसके बाद उनकी मध्यस्थता में श्रमिक संघ, प्रबंधन वर्ग के मध्य वार्ता के बाद तय हुआ कि मतदान दिवस पर सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक अवकाश रहेगा। 10 फरवरी को रात की तीसरी पाली रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक चलती है। इस पाली के कर्मचारियों को 11 फरवरी की सुबह छह बजे छुट्टी प्रदान कर दी जाएगी। समझौते के बाद हड़ताल समाप्त हो गई। फैक्ट्री के उप प्रबंधक (एचआर) आरके सिंह ने बताया कि बिना पूर्व सूचना के कर्मचारियों द्वारा सुबह आठ बजे से पौने दो बजे तक हड़ताल करने से फैक्ट्री का उत्पादन बंद रहा।