फिरोजाबाद। रक्षाबंधन पर मायके न भेजने से आहत महिला ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। घटना के बाद शव को ससुरालीजन ने सूटकेस में रखकर नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पति सहित पांच आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से सभी को जेल भेज दिया गया। एक ननद फरार है। पुलिस ने बताया कि कार चलाने वाली ननद ने ही सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर छोटे भाई के साथ स्कूटी से जाकर नाले में फेंक दिया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। थाना दक्षिण के भीमनगर नई आबादी निवासी प्रमोद कुमार ने नवंबर 2023 में अपनी बेटी रौनक (22) की शादी रसूलपुर के आसफाबाद यादव नगर निवासी प्रशांत उर्फ जैकी से की थी। पुलिस रिकॉर्ड में प्रशांत उर्फ जैकी हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को रक्षाबंधन पर घर जाने की बात पर हिस्ट्रीशीटर पति ने पत्नी रौनक की पिटाई कर दी। इसके बाद विवाहिता ने आत्म कर ली थी। पति व ससुरालीजन ने शव को फंदे से उतारकर सूटकेस में रख दिया था।
रात करीब एक बजे ननद कंचन गुप्ता कार लेकर आई और बगल में सास शशी देवी बैठ गई थीं। पति जैकी ने सूटकेस को कार की डिक्की में रखकर शिकोहाबाद नहर में शव को फेंक दिया था। इसके बाद थाना प्रभारी प्रमोद पंवार खुद मामले की जांच में जुट गए थे। उन्होंने अपनी टीम के साथ सुरागकसी करते हुए हिस्ट्रीशीटर पति सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ पूरे मामले का भी पर्दाफाश कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पति प्रशांत उर्फ जैकी, ससुर महीपाल, सास शशि देवी, ननद कंचन, देवर सनी को जेल भेज दिया है। एक ननद फरार है। जांच में पता चला कि आरोपियों के घर में जो कैमरे लगे हैं, उनका डीवीआर ननद कंचन से भाई सनी के साथ स्कूटी से जाकर शीतल खां के पास नाले में फेंक दिया था। जो बरामद कर लिया है। उसे ठीक कराया जा रहा है।
बाॅर्डर क्षेत्र में तलाश कर रहे पीएसी गोताखोर
थाना प्रभारी प्रमोद पंवार ने बताया कि नामजद पांच आरोपियों को जेल भेज दिया है। नहर में पानी अधिक होने के कारण बहाव तेज है। पुलिस टीम के साथ पीएसी गोताखोर बॉर्डर क्षेत्र में स्टीमर से तलाश कराई जा रही है।