फिरोजाबाद। माध्यमिक शिक्षा विभाग में यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों का डेटा अपडेट करने की स्थिति बेहद खराब है। इंटर कॉलेजों के 30 हजार से अधिक विद्यार्थी अभी भी ड्रॉप बॉक्स में दर्ज हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से इस पर लगातार नाराजगी जताई जा रही है, लेकिन सुधार नहीं हो रहा है।
बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों और संचालकों की बैठक बुलाई थी। इसके लिए व्हाट्सएप ग्रुप पर पत्र भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी अधिकांश स्कूल संचालक बैठक में नहीं पहुंचे।
एमआईएस इंचार्ज काटते रहे चक्कर
बेसिक शिक्षा विभाग के एमआईएस इंचार्ज दोपहर 12 बजे बैठक में शामिल होने डीआईओएस कार्यालय पहुंचे। वहां पता चला कि प्रधानाचार्य नहीं आए हैं। 2 बार फोन से जानकारी लेने पर भी 2-3 स्कूल संचालकों के पहुंचने की बात बताई गई। कोरम पूरा न होने के कारण अंत में बैठक नहीं हो सकी।
बेसिक में 70 बुलाए, 55 पहुंचे
माध्यमिक शिक्षा विभाग में पत्र जारी होने के बाद भी बैठक में स्कूल संचालकों की संख्या दहाई तक नहीं पहुंची। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग में 70 स्कूलों को केवल फोन से सूचना दी गई थी, इसके बावजूद करीब 55 स्कूलों के प्रतिनिधि बैठक में पहुंचे। दोनों विभागों की कार्यप्रणाली और स्कूलों की उपस्थिति का यह अंतर चर्चा का विषय बना रहा।
यू-डायस के संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही नजरअंदाज नहीं की जाएगी। जो भी बच्चे ड्रॉप बॉक्स में हैं, उनका डेटा सही कराया जाएगा। जो स्कूल लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। - मुदिता पांडेय, डीआईओएस