टूंडला। ट्रेनों में चोर गैंग सक्रिय हो गया है। मगध एक्सप्रेस सहित साप्ताहिक व स्पेशल चार ट्रेनों में चोर रेलयात्रियों के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल व नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। रेलयात्रियों ने राजकीय रेलवे पुलिस में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराईं हैं।
नई दिल्ली के ईस्ट कालकाजी गोविंदपुरी निवासी नीरज पांडे सूबेदारगंज-दिल्ली फेस्टेबल स्पेशल ट्रेन में प्रयागराज से दिल्ली जा रहे थे। तभी यात्रा के दौरान उनका ट्रॉली बैग टूंडला रेलवे स्टेशन से चोरी हो गया था। पीड़ित ने बताया कि उनके बैग में आईएचपी का लैपटॉप व कपड़े थे। वहीं, झारखंड के देवघर अंतर्गत गांव अमगडिया निवासी रंजन कुमार ने बताया कि 15 अक्तूबर को गोडा दौराई-अजमेर साप्ताहिक ट्रेन में अपनी पत्नी आरती चौधरी के साथ देवघर रेलवे स्टेशन से रीगंस के लिए यात्रा कर रहे थे।
तभी टूंडला रेलव स्टेशन पर चोर ने उनके बैग में रखे सोने का चेन, मंगलसूत्र, मांगटीका, नथ, तीन नोज पिंस, जुमका, चांदी की अगूंठी, हाथपंजा, दो सोने के कंगन, व सात सौ रुपये चोरी कर लिए। इधर, टूंडला के गांधीपुरम आगरा रोड निवासी जितेंद्र कुमार यादव 22 नवंबर को अपने परिवार के साथ सहरसा-बरौनी फेयर स्पेशल ट्रेन में बख्तियारपुर से टूंडला के रिजर्वेशन कोच ए-1 में यात्रा कर रहे थे। उनकी पत्नी पटना रेलवे पर अपने मोबाइल से बात करने के बाद सो गईं। डीडीयू रेलवे स्टेशन पर देखा की उनका पर्स व मोबाइल गायब है। पीड़ित ने बताया कि पर्श में दो मोबाइल, छह सौ रुपये, चांदी की पायल चोरी हो गए थे।
इधर, बिहार की बेगूसराय नारायण मैन रोड निवासी पुनीता अग्रवाल 25 नवंबर को इस्लामपुर-नईदिल्ली मगध एक्सप्रेस से फतुआ से टूंडला आ रही थीं। तभी प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात युवक पर्स छीनकर भाग गया। पीड़िता ने बताया कि पर्स में सात हजार रुपये, आईफोन मोबाइल थे। रेलयात्रियों ने ट्रेन में हुई चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी मोनू आर्य का कहना है कि ट्रेन में अलग-अलग चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश की जा रही है।