टूंडला। भागलपुर और अहमदाबाद के बीच चलने वाली नई अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 26 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन का टूंडला जंक्शन पर ठहराव तय किया गया है। रक्षाबंधन से पूर्व इस ट्रेन का टूंडला में ठहराव होने पर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
रेलवे द्वारा जारी शिड्यूल के मुताविक अहमदाबाद से प्रत्येक बुधवार शाम 6:30 बजे चलकर बृहस्पतिवार सुबह 10:40 बजे टूंडला पहुंचेगी। वहीं भागलपुर से प्रत्येक शुक्रवार शाम 4:45 बजे चलकर शनिवार सुबह 11:25 बजे टूंडला पहुंचेगी। इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला, आगरा ईदगाह, कोटा, रतलाम और छायापुरी आदि रहेंगे।
टूंडला में ठहराव से फिरोजाबाद, एत्मादपुर, जलेसर और आसपास के व्यापारियों, छात्रों व नौकरीपेशा लोगों को अहमदाबाद व कोटा जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (उत्तर मध्य रेलवे) के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने टूंडला में ठहराव की मांग पूरी होने पर खुशी जताई है। उन्होंने रेल मंत्रालय व रेल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आधुनिक ट्रेन सामान्य व मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी।