फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत बीते दो साल के दरम्यान हरियाली के लिए की गई नगर निगम की मेहनत अब रंग लाने लगी है। शहर की एक दर्जन सड़कों की साइड पटरी व डिवाइडरों पर रोपे पौधे अब हरे-भरे वृक्षों की शक्ल में नजर आने लगे हैं।
टीटीजेड में शामिल नगर निगम क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत हवा की गुणवत्ता को पौधरोपण व कच्ची सड़कों पर उड़ने वाले धूल के कणों पर अंकुश की योजना बनी। वर्ष 2022-23 में बनी केंद्रीय योजना के तहत शासन की ओर से शहर में अब तक करीब एक दर्जन सड़कों के डिवाइडर व साइड पटरी पर फूल व छायादार पौधे रोपे जा चुके हैं। हालांकि एन-कैप से जुड़ी कार्ययोजना अभी भी सुचारू है। वहीं, बीते 2022-23 और 2023-24 में सड़कों के डिवाइडर व साइड पटरी पर रोपे गए पौधे अब हरे-भरे वृक्षों की शक्ल में नजर आने लगे हैं। सड़कों के डिवाइडर व साइड पटरी पर दिखने वाली हरियाली जहां एक ओर स्मार्ट सिटी के सौदर्य पर चांद चांद सरीखी है। वहीं, दूसरी ओर पर्यावरण के प्रति जन जागरूकता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
दो साल की मेहनत, इन सड़कों पर दिख रही, हरियाली-
संतनगर रोड, रहना रोड, टापा पैंठ से ककरऊ कोठी, स्मार्ट रोड, लक्ष्मी नगर, सुहागनगर सेक्टर-4, इंडस्ट्रीरियल एरिया और लालऊ रोड पर बीते दो सालों में करीब 75 हजार पौधे रोपे गए। यह पौधे अब घने फल व फूलदार पेड़ों की शक्ल में नजर आने लगे हैं।
इस साल 16 सड़कों पर हरित पट्टिकाएं होंगी तैयार
नगर निगम की ओर से वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत बनाई कार्ययोजना के तहत एन-कैप की धनराशि से निर्मित सड़कों पर भी हरित पट्टिका तैयार की जाएंगी। इस साल कुल 16 सड़कों पर हरित पट्टिका व खाली स्थानों पर मियांबाकी प्रणाली से हरित वाटिका तैयार की जाएंगी।
-
वर्जन-
शहर में हवा की गुणवत्ता सुधार व हवा में घुलनशील तत्वों पर अंकुश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। महापौर के सहयोग से बनी कार्ययोजना के तहत सड़कों व खाली स्थानों पर पौधरोपण पर फोकस है। हॉटस्पॉट इलाकों में कच्ची सड़कों को पक्का कराया जा रहा है।
ऋषिराज नगर आयुक्त