फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के राजपूत नगर, सैलई पुलिया पर शुक्रवार को ऑटो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक की मौके पर मौत हो गई। अंबे नगर सैलई थाना रामगढ़ निवासी राहुल (26) शुक्रवार दोपहर अपनी बाइक से भोले नगर स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही वह राजपूत कॉलोनी के पास पहुंचा, तभी तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने अनियंत्रित होकर उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर आसपास के लोग जुट गए और हादसे की सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राहुल को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर के अनुसार शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया।