टूंडला। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंपलाइज संघ (एनसीआरईएस) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को टिकट चेकिंग स्टाफ के पदों में की जा रही कटौती के विरोध में हुंकार भरी। संघ ने डीआरएम के नाम एक ज्ञापन डिप्टी सीटीएम को सौंपते हुए पदों के स्थानांतरण को तत्काल रोकने की मांग की है।
शाखा अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डिप्टी सीटीएम अमित आनंद को बताया कि टूंडला में टिकट चेकिंग स्टाफ की संख्या लगातार कम की जा रही है, जो रेल राजस्व और यात्री सुविधा दोनों के लिए घातक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में 405 पद स्वीकृत थे। वर्ष 2021 में 81 पदों की कटौती कर संख्या 324 कर दी गई। वर्तमान में 324 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 153 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। संघ का कहना है कि स्टाफ की भारी कमी के कारण प्रतिदिन 150 से अधिक स्लीपर कोच अनमैंड (बिना अटेंडेंट) जा रहे हैं। इससे न केवल यात्रियों को परेशानी हो रही है, बल्कि रेलवे को मिलने वाले राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। अब चर्चा है कि विभाग पुनः 121 पदों की कटौती करने की तैयारी में है, जिसका संघ ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर पदों के स्थानांतरण का आवंटन रद्द कर संघ को सूचित नहीं किया गया, तो यूनियन अपने स्तर से उग्र विरोध प्रदर्शन करने को विवश होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से शाखा मंत्री चंद्र प्रकाश गर्ग, केंद्रीय सहायक महामंत्री वीके गौतम सहित अन्य पदाधिकारी और रेल कर्मचारी मौजूद रहे।