कन्हैया नगर में सड़क निर्माण कार्य की मांग को लेकर महापौर का विरोध करते क्षेत्रीय लोगों की भीड़
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। वार्ड संख्या-19 के बाशिंदों ने महापौर पर विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए बुधवार को जमकर नारेबाजी की। गुस्साए लोगों ने साईं बाबा मंदिर के समीप पेमेश्वर गेट पर लगाई गई शिलान्यास पट्टिका को उखाड़ दिया।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नगर निगम के जिम्मेदार लोगों को कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का निदान नहीं कराया। गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गलियों में जलभराव की समस्या रहती है। बुधवार को कन्हैया नगर से थोड़ी दूर कुछ साईं मंदिर के समीप निर्मित सड़क के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को पहुंची महापौर नूतन राठौर को लोगों ने अपनी समस्या बताईं।
महापौर के जाने के बाद कन्हैया नगर के लोगों ने विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। गुस्साएं लोगों ने बाद में महापौर द्वारा रखी गई सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला की पट्टिका को भी उखाड़ कर फेंक दिया। भेदभाव का आरोप लगाने वालों में सौरभ, आकाश, सनी मिश्रा, मुन्नीदेवी, शीला देवी, अनीता देवी, अरुण पचौरी, राजवती एवं नीतेश पचौरी आदि शामिल हैं।