संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कलक्ट्रेट सभागार में जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग के रवैये पर काफी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि जिम्मेदार अधिकारी जनता एवं जन प्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं।
प्रभारी मंत्री के जिले में आगमन पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर गारद ने सलामी दी। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री विद्युत विभाग के अधिकारियों की निष्क्रियता और उनकी कार्यप्रणाली से नाराज दिखें। साफ कहा कि बिजली विभाग के अफसरों ने रवैये में सुधार नहीं किया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीएपी की अनुउपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली तो बताया कि डीएपी जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने शिक्षा, आपूर्ति, मनरेगा, आंगनबाड़ी, एनआरएलएम, नगर निगम, विद्युत, कृषि, पशुपालन सहित सभी विभागों की समीक्षा की। विधायक मनीष असीजा,डीएम रमेश रंजन,एसएसपी सौरभ दीक्षित,भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार,ब्लाक प्रमुख डा.लक्ष्मीनारायण यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। संचालन सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने किया।