एका। 6 अगस्त को 11 हजार केवी की लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे कस्बा निवासी उमेश कुमार (24) की बुधवार रात आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर शव गांव पहुंचते ही परिजन और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने पार्थिव शरीर को नगर पंचायत कार्यालय के सामने सड़क के बीच रखकर विद्युत निगम के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। व्यापार मंडल के आह्वान पर कस्बे के बाजार पूरी तरह बंद रहे। लोगों ने विद्युत निगम पर सीधे लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग रखी।
हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम जसराना, एसडीओ अजीत कुमार, जेई अजय कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि योगेश सिंह और लेखपाल चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजन को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिया, वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि ने व्यक्तिगत स्तर पर गरीब परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही। इसके बाद आक्रोश शांत हुआ और परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने पर सहमत हुए। प्रदर्शन में व्यापार मंडल अध्यक्ष हैप्पी वार्ष्णेय, आशु शर्मा, सुनील प्रधान, चेयरमैन प्रतिनिधि योगेश कुमार, शीलू सविता, संत कुमार गुप्ता, राजू मिश्रा, जेपी स्वर्णकार, अजीत सिंह बघेल और रोमी वार्ष्णेय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
दो दिव्यांग भाइयों की जिम्मेदारी का संकट
मृतक उमेश कुमार का बुधवार को ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो बड़े भाई हैं—एक शारीरिक रूप से विकलांग हैं, तो दूसरे मानसिक रूप से अस्वस्थ। ऐसे में पूरे परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। परिजन और व्यापारियों का कहना है कि कस्बे में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे थे। कई बार शिकायत के बाद भी विद्युत निगम ने कोई संज्ञान नहीं लिया, जिसका खामियाजा इस परिवार को उठाना पड़ा।
हाईटेंशन विद्युत लाइन होगी लैमिनेटेड, जांच के बाद मिलेगा मुआवजा
विद्युत निगम ने राहत और सुरक्षात्मक कदम उठाने का ऐलान किया है। एसडीओ अजीत कुमार ने बताया कि हादसे का कारण बनी 11 हजार की हाईटेंशन लाइन को जल्द ही लैमिनेटेड (कवर्ड) किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है और पीड़ित परिवार को विद्युत विभाग की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
फोटो 22 उमेश का फाइल फोटो