फिरोजाबाद। बसई मुहम्मदपुर पुलिस ने बहन को उसकी ससुराल से लेने आए भाई की पीट-पीटकर हत्या के मामले में बहनोई और उसके परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बृहस्पतिवार सुबह अलादीपुर गांव से हुई।
आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र के चचिया रोड निवासी सियाराम ने अपनी बेटी पूरन की शादी बसई मुहम्मदपुर के अलादीपुरा गांव निवासी ओमकार से की थी। पूरन के साथ ससुराल में मारपीट की सूचना मिलने पर सियाराम मंगलवार को अपने बेटे मुकेश के साथ बाइक से उसे लेने आए थे। ससुराल में बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल वालों ने उन पर लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरन और सियाराम का इलाज अभी भी चल रहा है।
मुकेश की मौत के बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने बहनोई ओमकार, उसके पिता कमल सिंह, मां मीरा देवी, और भाइयों सुखराम व निन्नूमल उर्फ निर्मल को अलादीपुर गांव से एक किलोमीटर दूर एक घर से गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।