सिरसागंज (फिरोजाबाद)। धोबी वाली गली के मोहित के लापता होने की मिस्ट्री मर्डर में तब्दील हो गई है। मां ने जो आशंका जताई थी, वह सच हो गई है। नोएडा में मोहित की हत्या उसके दोस्तों ने ही कर दी। आपसी विवाद के बाद हत्या को अंजाम देकर शव बोरी में बंद कर जेवर नहर में फेंका गया था। वारदात के एक महीने बाद जब पुलिस ने परिजन को मृतक के कपड़े दिखाए, तो परिवार में कोहराम मच गया और मां की चीत्कार से हर किसी का कलेजा कांप उठा।
सिरसागंज के धोबी गली निवासी नीतू के इकलौते पुत्र मोहित (21) को गत 22 अगस्त को मोहल्ले के ही अंशू और रामचरन गली निवासी छोना अच्छी कमाई का लालच देकर अपने साथ नोएडा ले गए। 14 सितंबर को मोहित ने मां को फोन कर रोते हुए बताया था कि उसकी अंशू से लड़ाई हो गई है और वह घर वापस आना चाहता है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। मां ने बताए गए नंबर पर तुरंत 250 रुपये पेटीएम कर दिए, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत फोन पर झांसा दिया कि मोहित अब उनके पास आ गया है और सुबह बस से आ जाएगा। इसके बाद से मोहित से फोन पर संपर्क नहीं हुआ। मां नीतू ने बताया कि उन्होंने बेटे के दोनों दोस्तों से संपर्क किया, तो वे बहाने बनाने लगे और दो दिन बाद यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि मोहित बिना बताए कहीं चला गया है और उन्हें कुछ नहीं पता।
दर-दर भटकी मां, मंत्री की दखल पर जागी पुलिस
मां नीतू ने बताया कि बेटे की तलाश में पांच दिनों तक नोएडा के थानों के चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की जनसुनवाई में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मंत्री के निर्देश पर सक्रिय हुए आला अधिकारियों के बीच संपर्क के बाद 6 अक्तूबर को नोएडा के गौतमबुद्ध नगर थाने में आरोपी अंशू और छोना के खिलाफ अपहरण और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज हुई।
इसके बाद नोएडा पुलिस की टीम सिरसागंज आई और मुख्य आरोपी अंशू को ले गई। जब वह 11 अक्तूबर को नोएडा पहुंचीं, तो पुलिस ने उन्हें एक अज्ञात शव के कपड़े दिखाए। उन कपड़ों को देखते ही पहचान गई कि वे उनके बेटे मोहित के हैं। नीतू के अनुसार, उन्हें पुलिस ने बताया कि एक शव 20 सितंबर को जेवर नहर में बोरी में बंद मिला था। कपड़ों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी अंशू ने पूछताछ में हत्या की पूरी वारदात का कच्चा-चिट्ठा खोल दिया है, जबकि दूसरे आरोपी छोना ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।