होटल संचालक के आगरा जनपद के एत्मादपुर के पास से पकड़े जाने के बाद शांतिभंग में चालान किया जाना सवालों के कठघरे में है। होटल संचालक एवं एसडीएम के बीच गहमागहमी के बाद संचालक ने तहसील एवं पुलिस प्रशासन पर जनप्रतिनिधि के इशारे पर गलत आरोपों में जेल भेजे जाने का आरोप लगाया। इसका एक वीडियो सामने आया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
शिकोहाबाद में प्रतापपुर चौराहे के समीप होटल एएस लग्जरी इन के संचालक अतुल सिकेरा को शुक्रवार को थाना शिकोहाबाद पुलिस ने शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। जिसको शाम पांच बजे करीब एसडीएम डॉ. गजेन्द्रपाल सिंह के कार्यालय में ले जाया गया। जहां एसडीएम ने आरोपी की जमानत को नामंजूर कर दिया। इसको लेकर एसडीएम एवं आरोपी के बीच नोंकझोंक हुई। आरोपी होटल संचालक ने न्यायालय के बाहर तहसील प्रांगण में लाइव वीडियो बनवाते हुए आरोप लगाया कि उसे एसओजी की टीम ने आगरा जनपद के एत्मादपुर के समीप से दो दिन पहले पकड़ा था। इसके बाद अब उसे गलत आरोपों में जनप्रतिनिधियों के इशारे पर एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
विज्ञापन
जनप्रतिनिधि के घर के बाहर अभद्रता का आरोप
होटल संचालक को बीते बुधवार की रात एसओजी की टीम ने आगरा जनपद से पकड़ा था। अब उस पर आरोप है कि उसने शहर के एक जनप्रतिनिधि के घर के बाहर खड़े होकर अभद्रता की। इसका शिकायती पत्र भी पुलिस को मिला है। इसके बाद पुलिस उसे पकड़कर थाने लाई। इंस्पेक्टर शिकोहाबाद ने भी शिकायती पत्र मिलने की पुष्टि की है। जिसके आधार पर आरोपी का शांति भंग में चालान कर उसे जेल भेजा गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस एवं एसओजी की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
एसडीएम डॉ. गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि हमारे यहां शांति भंग की धारा में चालान करके पुलिस ने पेश किया है। जिस पर आरोप था कि स्टेशन रोड पर पूर्व विधायक के घर के बाहर खड़े होकर हंगामा कर रहा था। किसी भी घटना को घटित कर सकता है। इन आरोपों में हमारे यहां चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। जिसमें उसका मेडिकल करवाया गया है।