फिरोजाबाद। ग्रीष्मकाल के मद्देनजर निगम के जलकल विभाग ने शहर की प्रमुख उपरिगामी पेयजल टंकियों से जुड़े सीडब्ल्यूआर की मरम्मत और उच्चीकरण कार्य कराया जाएगा। पेयजल टंकियों से जुड़े अंतिम घर तक पर्याप्त जलापूर्ति के मद्देनजर कार्ययोजना बनाई है। जेडाझाल परियोजना से जुड़ीं उपरिगामी पेयजल टंकियों सत्यनगर टापा कला,हनुमान जलाशय,मोहल्ला गढ़ैया,रसूलपुर और विभव नगर के अलावा आसफाबाद से जुड़े सीडब्ल्यूआर की कार्यक्षमता को बढ़ाया जाएगा। अंतिम पायदान के भवनों तक निर्बाध व पर्याप्त जलापूर्ति के मद्देनजर निगम ने यह कार्ययोजना बनाई है। निगम सूत्रों के अनुसार सीडब्ल्यूआर की क्षमता बढ़ाने के लिए मरम्मत एवं पेयजल लाइन से जुड़े बॉल्व को चौड़ा किया जाना है। कार्ययोजना को निगम बोर्ड व कार्यकारणी बैठक में स्वीकृति ली जाएगी।
दूर होगीं,अंतिम छोर के घरों में पानी नहीं पहुंचने की शिकायतें-
सत्यनगर टापा कला टंकी से जुड़े सुभाष नगर, बौद्याश्रम रोड, तिलक नगर, विभव नगर टंकी जुड़े शांतिनगर, सरस्वतीनगर, रसूलपुर से जुड़े नीबू वाला बाग,आसफाबाद टंकी से जुड़े छपरिया,किशन नगर आदि इलाकों के अंतिम छोर पर स्थित घरों में पानी नहीं पहुंचने की शिकायतें हैं। जलकल विभाग की ओर से तैयार कार्ययोजना के जरिए इन शिकायतों के निस्तारण में आसानी होगी।
अधिकारी की बात-
उपरिगामी पेयजल टंकियों से जुड़े सीडब्ल्यूआर की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए कार्ययोजना बनी है। अंतिम छोर के घरों तक निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
सतीश कुमार एक्सईएन जलकल, नगर निगम