Firozabad Lok Sabha Result: फिरोजाबाद के मंडी समिति में मतगणना हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई गई। वहीं, बाहर राजनैतिक दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। जो गिनती की निगहबानी भी कर रहे थे। पल-पल के अपडेट मीडिया और सोशल मीडिया को जारी किए जा रहे थे। इसी बीच अक्षय यादव की जीत की घोषणा हुई।
उत्तर प्रदेश की फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर कुशल बूथ प्रबंधन और लंबे समय से बनाई जा रही रणनीति व भाजपा संगठन में फूट का सपा ने भरपूर फायदा उठाया। सपा ने पांच साल बाद दोबारा फिरोजाबाद की लोकसभा सीट पर भाजपा से छीनकर अपना कब्जे में कर ली। इंडिया गठबंधन के अक्षय यादव ने अपने परंपरागंत वोटों को सुरक्षित रखते हुए भाजपा प्रत्याशी विश्वदीप सिंह को पटखनी दे दी। इंडिया गणबंधन के प्रत्याशी ने 542865 मत हासिल कर भाजपा को 89582 वोटों से पीछे छोड़ दिया।
विज्ञापन
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सुहागनगरीं के मतदाताओं में अप्रत्याशित निर्णय दिया। उम्मीद की जा रही थी कि इंडिया गठबंधन प्रत्याशी व भाजपा में एक-एक वोट के लिए कांटे की टक्कर होगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अक्षय यादव ने पहले चक्र से ही बढ़त लेनी शुरू की, जो 32 चक्र तक बरकरार रही। यही बढ़त आखिर में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अक्षय यादव के लिए चुनावी संजीवनी का काम कर गई।
मतदान के बाद जिले में चर्चा थी कि इस बार का जनादेश भाजपा व सपा के बीच संघर्ष का कारण बनेगा। लेकिन जिले के लोगों ने पांच साल बाद फिर से अक्षय पर भरोसा जताते हुए उन्हें जीत के मुहाने पर खड़ा कर दिया। खास बात है कि 32 में से एक दो राउंड को छोड़ दे तो अक्षय यादव ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। रणनीतिकारों की मानें तो एक साल की कड़ी मेहनत व तैयारी और मतदान से पूर्व बनाई रणनीति ने गठबंधन प्रत्याशी की जीत की राह आसान की।
विज्ञापन
वहीं थोड़ी बहुत कसर को संविधान बचाओं के नारे ने पूरा कर दिया। मतगणना के आंकड़े को देखे तो सपा को यादव, मुस्लिम समाज का पूरा समर्थन मिला। वहीं भाजपा से लोधे राजपूत व बघेल समाज की नाराजगी का लाभ भी इंडिया गठबंधन को मिलता दिखा। वहीं दलित वोट का कुछ हिस्से में सेंधमारीं से सपा की जीत सुनिश्चित हो गई।