फिरोजाबाद। शिकोहाबाद शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए वीट सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं लाइसेंसी रायफल और दुनाली बंदूक के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट प्रेषित कर लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ देवेंद्र प्रताप ने बताया कि तीन दिसंबर को एक शादी समारोह में कुछ युवकों ने लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग की। फायरिंग का उन्होंने वीडियो बनाया और फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र कुमार मिश्रा ने वीट सिपाही रवीश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फायरिंग करते वीडियो में दिख रहे पांचों आरोपियों को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने उनके कब्जे से फायरिंग में प्रयोग की गईं दो रायफल, एक दुनाली बंदूक और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि पकड़े गए लोगों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इन लोगों को भेजा गया जेल
बीटू निवासी नगला स्वेटा थाना एका, अभीजीत और अमन बघेल निवासी अमृत नगर मंडी समिति शिकोहाबाद, महेंद्र निवासी गंगा नगर एटा रोड और विमल निवासी खेड़ा मोहल्ला शिकोहाबाद हैं।
लाइसेंस निरस्तीकरण की होगी कार्यवाही
सीओ देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिन व्यक्तियों के लाइसेंस हैं, उनके निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। लाइसेंस निरस्त करने के बाद लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।