टूंडला (फिरोजाबाद)। एटा से आ रही रोडवेज बस इमलिया गांव के निकट बाइक सवार को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर खाई में गिर गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं हादसे में घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा बुधवार शाम साढ़े पांच बजे करीब का है। एटा से सवारियां लेकर आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस गंजडुडवारा से आगरा की जा रही थी। बस में कुल 40 यात्री, चालक व कंडक्टर सवार थे। बस जैसे ही थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव श्रीनगर व इमलिया के बीच पहुंची, अचानक एक बाइक सवार सामने से आ गया। बाइक को बस के सामने देख चालक घबरा गया तथा उसे बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क से खाई में गिरकर पलट गई। हादसे होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस बीच सीटों से गिरे 10 से अधिक यात्री मामूली चुटहिल हो गए।
गनीमत रही कि गंभीर हादसा नहीं हुआ। वहीं हादसे बाइक सवार दीपक वर्मा निवासी कोटरा ठार, फिरोजाबाद गंभीर घायल हो गया। सूचना मिलते ही पचोखरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल दीपक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं सभी यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। थानाध्यक्ष का कहना है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हादसा हुआ है। हादसे में किसी को कोई गंभीर चोट या जनहानि नहीं हुई है। दूसरी बस से सुरक्षित यात्रियों को रवाना किया गया है। बस को क्रेन से सीधा कराया गया है।