फिरोजाबाद। श्रम विभाग चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों को पुनरक्षित दर से मेहनताना भुगतान नहीं करने संबंधी शिकायतों की जांच करा रहा है। सोमवार को विभाग के अधिकारियों ने कई श्रमिक बस्तियों में दस्तक दी। अधिकारियों ने जुड़ाई श्रमिकों से बातचीत कर प्रति तोड़ा मिलने वाले मेहनताने के बारे में जानकारी ली।
कुछ श्रमिक संगठनों खास तौर पर कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा का आरोप है कि कांच चूड़ी जुड़ाई, झलाई एव सदाई कार्य में संलग्न श्रमिकों को उनके अर्जित मेहनताने का भुगतान संशोधित दरों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। सभा के अनुसार कांच चूड़ी सेवायोजक गत छह मई 2021 को जारी राजाज्ञा के अनुसार जुड़ाई श्रमिकों को 3000 रूपये प्रति सैंकड़ा तोड़ा की दर से जुड़ाई नहीं दी जा रही है।
शिकायत सामने आने पर श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्थलीय जांच के लिये करबला सहित कई बस्तियों का दौरा किया। श्रम प्रवर्तन अधिकारियों ने जुड़ाई श्रमिकों से बातचीत कर प्रति सैंकड़ा चूड़ी तोड़ा जुड़ाई पर मिलने वाले मेहनताना की जानकारी ली।
जुड़ाई श्रमिकों को संशोधित दरों के अनुसार मेहनताना नहीं मिलने संबंधी शिकायतें मिली हैं। शिकायत की सत्यता जांच के लिए श्रम प्रवर्तन अधिकारियों भेजा है। उन्हें श्रमिकों से बातचीत कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। रिपोर्ट संकलित कर डीएलसी को भेजेंगे। -अरूण कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त