फिरोजाबाद। स्वच्छ भारत मिशन फेज-दो के तहत जिले के ग्रामीण अंचल में 9500 पात्रों के घरों में निजी (व्यक्तिगत) शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। 2023 पात्रों को विभाग ने चिह्नित करने के साथ इनके बैंक खाते में 2.5 करोड़ रुपये जारी कर दिया है। इसके बाद भी यदि कोई पात्र वंचित रह गया है तो वह सीधे ग्राम प्रधान या फिर ब्लॉक में जाकर आवेदन कर सकता है, ताकि उसके घर शौचालय का निर्माण कराया जा सके।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण अंचल में व्यक्तिगत शौचालय बनाने का व्यापक अभियान चलाया गया था। फेज एक के तहत काम बंद हो जाने के साथ ही शासन की ओर से स्वच्छ भारत मिशन फेज-दो के तहत नए पात्रों का चिह्नांकन करने के साथ उनके घरों में शौचालय का निर्माण कराया जाना है। फेज दो के तहत जिले में 4729 पात्रों को पहले से चिह्नांकित कर लिया था लेकिन बाद में 4729 से अधिक का चयन और कर लिया। इस प्रकार फेज दो में जिले में 9500 व्यक्तिगत शौचालय बनाए जाने का निर्णय लिया है।
इनकी सूची जिले के सभी नौ ब्लॉकों की तैयार कर ली है। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक पुनीत निगम ने बताया कि इसमें से 2023 पात्रों का जिले में जांच करने के बाद उनके बैंक खाते में 2.5 करोड़ की धनराशि जारी कर दी है।
परिवार की माली हालत खराब है,दिव्यांग है, विधवा के साथ गरीब परिवार से हैं तो व्यक्तिगत शौचालय के लिए संबंधित ब्लॉक पर जाकर आवेदन कर सकते हैं, ताकि पात्रता सूची में उनका नाम शामिल किया जा सके। -पुनीत निगम, जिला कोर्डिनेटर स्वच्छ भारत मिशन फिरोजाबाद।