फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में शुक्रवार देर रात आग लग गई। सड़क से गुजर रहे किसी राहगीर ने दुकान स्वामी को घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आसफाबाद दुर्गा माता मंदिर वाली गली निवासी अतुल कुुशवाह के आसफाबाद रेलवे फाटक के पास अनु गारमेंट्स के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान हैं। दुकान स्वामी शुक्रवार रात दुकान बंद करने के बाद घर चला गया। दुकान में देर रात अचानक आग लग गई। रात करीब तीन बजे किसी राहगीर ने आग लगने की सूचना दुकान स्वामी को दी। दुकान स्वामी मौके पर आ गए और जानकारी फायर ब्रिगेड को दे दी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकान स्वामी अतुल ने बताया कि आग लगने से दुकान का पूरा माल जलकर राख हो गया है। इसमें करीब सात से आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।