टूंडला के गांव बास झरना में लगी आग में जला भूसा व अनाज
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। शुक्रवार को अज्ञात कारणों से लगी आग से कई बीघा गेहूं की फसल और भूसा जलकर राख हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तब तक फसल जलकर राख हो चुकी थी।
मामला शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे का है। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव बास झरना, नगला बड़रिया निवासी भोगीराम पुत्र श्रीचंद के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गईं। तेज हवा के झोंके से पास में ही स्थित पप्पू व चीपू पुत्र बांकेलाल के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और भूसे की बुर्जी को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़े परंतु इससे पहले कि ग्रामीण आग पर काबू पाते आग ने राधाकिशन पुत्र लोकमन सिंह के ईंधन और भूसे को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के काफी प्रयासों के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। करीब एक घंटे बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अनाज, भूसा, उपले जलकर राख हो चुके थे।