नारखी (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के एक गांव में भागवत कथा कराने आए कथावाचक पर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने कथावाचक पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया को सौंपी गई है।
किशोरी की मां ने बताया कि 20 जुलाई को नारखी क्षेत्र के एक गांव में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ था। कथा वाचन के लिए छतरपुर की ठार (दशरथपुर) निवासी शास्त्री गोविंद कुमार यादव को बुलाया गया था। आरोप है कि कथा के दौरान हवन-पूजन के बहाने आरोपी ने 15 बेटी से उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उससे बातचीत करने लगा।
बीती 5 अगस्त की रात करीब 10 बजे कथावाचक ने किशोरी को गांव के तिराहे पर बुलाया। जैसे ही किशोरी वहां पहुंची, आरोपी उसे अपनी कार में बैठाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की भनक किशोरी के छोटे भाई को लग गई। उसने घर जाकर परिजन को जानकारी दी। सूचना पर परिजन ने उसी समय पीआरवी 112 को फोन कर पुलिस बुलाई थी।
घटना के वक्त कुछ लोगों के हस्तक्षेप और सामाजिक दबाव के कारण पीड़िता के परिवार ने मामला आगे नहीं बढ़ाया था। बाद में पीड़िता की मां ने हिम्मत जुटाकर मंगलवार को थाना नारखी में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि गोविंद कुमार यादव के विरुद्ध दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ टूंडला जांच कर रहे हैं।