फरिहा। थाना फरिहा क्षेत्र के ग्राम कुठीला बटोलर में मंगलवार को 1998 में शहीद हुए वीरेश चंद्र की पत्नी निर्मला देवी की 15 बीघा कृषि भूमि पर अवैध कब्जे और जबरन धान रोपाई का विरोध करने पर लाठी-डंडों, हथियारों व ईंट-पत्थरों से खूनी हमला किया गया। नगला गंगी निवासी बबलू जब अपने साथियों मुनेश और रवीश के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से पहुंचे और रोपाई रोकनी चाही, तो हमलावरों ने तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा गाड़ी के शीशे और बोनट पूरी तरह तोड़ डाले। सीओ जसराना प्रेमशंकर पांडेय के अनुसार, पुलिस ने तहरीर के आधार पर शब्बार, मुनीर खां, अरमान, मुन्नू, गफ्फार, अमन, जंगली, फरियाद, साजिद, पतरा, जरीना, अशरीन, गुडिया और नगीना (सभी निवासी ग्राम कुठीला, थाना फरिहा) के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, जानलेवा हमला करने और धमकी देने के गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद