फिरोजाबाद। दि एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज आनर्स के अध्यक्ष इं. राजकुमार शर्मा पर मंगलवार रात हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही कार के शीशे में लगी गोली की भी जांच शुरू करा दी है। इधर एसोसिएशन अध्यक्ष पर हमले की निंदा करते हुए पदाधिकारियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
थाना उत्तर के गोमतीनगर निवासी इं. राजकुमार शर्मा जलेसर रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में कारखाना संचालक हैं। तहरीर में कहा गया है कि मंगलवार रात्रि दस बजे वह अपनी लाल रंग की कार से घर लौट रहे थे। जलेसर रोड शनि मंदिर से करीब दो सौ मीटर आगे ककरऊ चौराहे पर दो लोग चेहरा ढके खड़े थे। दोनों ने कार को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कार नहीं रोकी तो फायरिंग कर दी। गोली लगने से कार का शीशा चटक गया। वहीं पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही चालक वाहन को तेज रफ्तार से ले गया। घटना की सूचना पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है।
इं. राजकुमार शर्मा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इधर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष पर जानलेवा हमले की निंदा की है। उन्होंने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने एवं अध्यक्ष को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग डीएम एवं एसएसपी से की है। मांग करने वालों में पंकज जैन, दीपक जैन, दिनेश शर्मा, नीरज गुप्ता, प्रदीप भारद्वाज, नितिन पालीवाल, जेके जैन, रमाकांत उपाध्याय, गिरिदत्त गोस्वामी, प्रशांत जैन, कप्तान सिंह राजपूत, अजीत अरोरा, विनय गोयल आदि शामिल हैं।
कार पर लगी गोली की होगी फोरेंसिक जांच
फिरोजाबाद। उद्यमी राजकुमार शर्मा की कार पर फायरिंग में गोली लगने से शीशा टूटने की फोरेंसिक जांच कराने की कार्रवाई पुलिस ने शुरू कर दी है। टीम ने बुधवार को थाना उत्तर पहुंचकर जांच की। फिलहाल टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। कार को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा जाएगा।