तहसील में समर्थकों के साथ रामप्रकाश नेहरू।
एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार नगरपालिका परिषद् कार्यालय निर्माण विभाग की पिछले चार वर्ष की फाइलें लेने पहुंचे। इस पर पालिका चेयरमैन और विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रामप्रकाश यादव नेहरू ने बिना किसी आदेश के फाइलें देने से इंकार कर दिया।
तहसीलदार सतीश कुमार अपने अधीनस्थ के साथ पालिका में एसडीएम प्रेमचंद्र सिंह यादव के आदेश पर मंगलवार शाम पालिका के निर्माण विभाग की चार वर्षों की फाइलें लेने पहुंचे। कर्पूरी ठाकुर जयंती का अवकाश होने के कारण कार्यालय बंद था। इस पर एसडीएम ने ईओ नन्नूमल चौधरी को फोन कर कार्यालय बुलाकर फाइलें देने का निर्देश दिया। इस पर ईओ कार्यालय पहुंच गये। जानकारी मिलते ही चुनाव जनसंपर्क छोड़कर चेयरमैन रामप्रकाश नेहरू भी कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने तहसीलदार से कहा कि आप कोई आदेश लाए हैं। बिना किसी अधिकारी अथवा शासन के लिखित आदेश के वे पालिका का कोई रिकार्ड अथवा फाइल नहीं दे सकते हैं। इसके बाद तहसीलदार बिना रिकार्ड लिए लौट गए।
चेयरमैन रामप्रकाश यादव नेहरू ने पत्रकारों से कहा कि सत्ता के बड़े नेता उन पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता में किसी जांच का औचित्य नहीं है। बिना आदेश के वे रिकार्ड नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि वे सत्ता अथवा किसी दवाब में आने वाले नहीं हैं। वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में डटे रहेंगे।