फिरोजाबाद में बारिश होने के बाद उमस एवं मौसम बदलने से जिले में बुखार का भी प्रकोप बढ़ना शुरु हो गया है। गांव में जहां लोग झोलाछाप से इलाज करवा रहे हैं तो वहीं, नगर के लोग मेडिकल कॉलेज समेत निजी अस्पतालों में उपचार करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 164 मरीज बुखार से पीड़ित उपचार कराने पहुंचे। इसमें 8 मरीजों को भर्ती किया गया।
पिछले दिनों जिलेभर में हुई बारिश से मौसम में जहां बदलाव हो रहा है तो वहीं, लापरवाही बरतने पर लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को 1492 मरीजों ने पंजीकरण कराकर प्राथमिक उपचार कराया। इसमें करीब 164 मरीजों ने बुखार होने की समस्या बताई।