सुहागनगरी में पेयजल संकट दूर करने के लिए करोड़ों की लागत से छारबाग में
स्थापित एसपीटी (स्टेटिग प्रेशर टैंक) को चालू करने की कवायद तेज हो गई है।
जल निगम द्वारा एसटीपी को चालू करने के लिए राइजिंग मैनलाइन डालने का काम
रविवार से शुरू हो गया।
पेयजल संकट दूर करने के नाम पर करोड़ों रुपये फूंके जाने के बाद भी जनता को
स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में शहर में कई मोहल्लों
में मोहल्ले ऐसे हैं, जहां जनता को प्यास बुझाने के लिए भी पानी नसीब नहीं
हो रहा है। मजबूरी में लोग पानी खरीद कर पीने को मजबूर हैं। शहर में गंभीर
पेयजल संकट को देखते हुए नगर विधायक मनीष असीजा ने विधानसभा में समस्या
निदान को छारबाग में एसपीटी 2.93
करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इसमें अब तक जलनिगम को 2.25 करोड़ की
धनराशि मिल चुकी है।
जलनिगम द्वारा एसटीपी का निर्माण करा दिया गया था,
लेकिन लापरवाही के कारण एसटीपी चालू नहीं हो सकी। गत माह नगर विधायक के
निर्देश पर जलनिगम एवं नगर निगम की टीम ने छारबाग में एसटीपी का निरीक्षण
कर अधूरे कार्य को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। एसपीटी को चालू करने के लिए
अफसरों द्वारा धनाभाव की समस्या बताई गई थी। गर्मी के सीजन में पेयजल संकट
को देखते हुए जलनिगम द्वारा एसटीपी चालू कराने का प्रयास तेज कर दिए हैं।
एसपीटी को चालू करने के लिए करीब 700 मीटर राइजिंग मैनलाइन डालने का काम
रविवार को शुरू कर दिया गया। ठेकेदार द्वारा छारबाग में पेट्रोल पंप के
निकट से पाइप लाइन डालने काम प्रारंभ किया गया है। इस संबंध में जलकल विभाग
के जेई मुंशीलाल वर्मा ने बताया कि एसटीपी चालू करने के लिए राइजिंग
मैनलाइन डालने का कार्य शुरू हो गया है। करीब दो सप्ताह में लाइन डालने का
कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद एसपीटी से सुचारू पेयजल आपूर्ति हो सकेगी। एसपीटी चालू होने से आगरा गेट, गढ़ैया एवं संतनगर में काफी हद तक पानी की
समस्या दूर हो जाएगी।