प्रमुख सचिव कृषि अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि किसान समूह बनाकर नया प्रयोग करके अधिक लाभ कमाएं। उन्होंने सिंचाई पाइप के साथ ही स्प्रिंगलर सिंचाई पर मिलने वाली सब्सिडी राशि दोगुना करने की जानकारी दी। टीकरी गांव में बाजरा के समूह में शामिल किसानों को बाजरा का बीज, मृदा कार्ड भी बांटा।
प्रमुख सचिव कृषि इटावा से आने के पश्चात सबसे पहले सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला राधे पहुंचे। उन्होंने इस गांव के प्रगतिशील किसान लोकेश कुमार की ओर से स्थापित की गई सोलर पंप का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले के ही प्रगतिशील किसान लोकेश कुमार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने किसान की ओर से उत्पादों को शहरी क्षेत्र में पहुंचाने के लिए मोबाइल रथ का शुभारंभ किया। कहा कि किसान नया प्रयोग करके अधिक लाभ कमा सकते हैं। नगला राधे के पश्चात प्रमुख सचिव कृषि अमित मोहन प्रसाद टूंडला के गावं टीकरी पहुंचे। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार ने एसबी पाइप पर सब्सिडी 25 रुपया प्रति मीटर से बढ़ाकर 50 रुपया तथा स्प्रिंगलर पर सब्सिडी 7500 से बढ़ाकर 15 हजार कर दी। किसानों शत प्रतिशत पंजीयन कराके शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने 11 मिर्च उत्पादन करने वाले किसानों को भी बीज वितरण किया। डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि किसान यदि चाहे तो वह खुद ही अपनी उपज का मूल्य तय करें। सीडीओ सुजीत कुमार ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी। डीडी कृषि प्रसार डीपी सिंह ने जिले में गठित 14 किलिस्टर के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान लखनऊ के ज्वाइंट डायरेक्टर राजा सिंह, आगरा के संयुक्त निदेशक कृषि अनिल दीक्षित, एलडीएम सुरेंद्र कुमार, डीडीएम नावार्ड स्नेहलता सिंह, डीओ अखिलेश पांडेय के साथ ही अन्य लोग शामिल थे।
भरपूर मात्रा में लगेंगे सोलर पंप
प्रमुख सचिव कृषि अमित मोहन प्रसाद ने टीकरी गांव में किसानों से कहा कि सोलर पंप नगला राधे में सही ढंग से काम कर रही है। विभाग किसानों को निराश नहीं करेगा। जिन किसानों को सोलर पंप की जरूरत है उन्हें मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और अधिकारी तो पूरी तरह से किसानों के साथ हैं।
टीकरी में चार घंटे देरी से पहुंचे प्रमुख सचिव कृषि
टूंडला। काफी बिलंव से कृषि प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद के पहुंचने से अधिकारी ही नहीं किसान भी खासे परेशान रहे। उनके पहुंचने तक जहां अधिकारी जमे रहे वहीं किसान वापस घरों को चले गये। सायं देर से प्रमुख सचिव के पहुंचने पर किसानों का पुन: बुलाया गया।
फोटो-टूंडला के गांव टीकरी में किसान मेले में मौजूद किसान-12