किसानों ने घुरुकूआ विद्युत फीडर का घेराव कर किया प्रदर्शन
विद्युत कटौती को लेकर आक्रोशित थे किसान, राष्ट्रीय निषाद परिषद एकता के नेतृत्व में जुटे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कटौती से परेशान किसान लामबंद हो गए। राष्ट्रीय निषाद परिषद एकता के नेतृत्व में घुरुकुआ विद्युत फीडर का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों को समुचित आपूर्ति नहीं कराई तो उग्र आंदोलन होगा।
यमुना तलहटी क्षेत्र में पिछले एक हफ्ते से सिंचाई के लिए नलकूपों को दी जाने वाली विद्युत में भारी कटौती की जा रही है। इसके चलते किसान परेशान हैं। सोमवार दोपहर बाद क्षेत्रीय किसान राष्ट्रीय निषाद परिषद एकता के जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार निषाद के नेतृत्व में घुरुकुआ फीडर पर पहुंच गए। उन्होंने फीडर का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि किसान रवि की फ़सल के लिए पलेवट नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी फसल लेट हो रही है। । शीशराम ने कहा कि जटपुरा विद्युत फीडर पर विगत तीन दिन से बिजली न आने पर किसान परेशान है। प्रदर्शन करने वालों में सतीश चंद, मनोज कुमार, ख्यालीराम, खुशालीराम, हरिचंद, देवेन्द्र,मानसिंह, खलसिंह, ख्यालीराम, नरसिंह पाल,राजेश व सुरेंद्र सिंह आदि हैं ।
दो दिन से फॉल्ट आ जाने से कटौती हो गई है। फीडर से पर्याप्त बिजली दी जा रही है। किसानों का आरोप निराधार है।
बनी सिंह, अवर अभियंता, घुरुकूआ फीडर, टूंडला
सात घंटे रही बिजली कटौती
टूंडला। रविवार को दीपोत्सव पर जटपुरा फीडर से सात घंटे की आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह तीन बजे से कटौती की गई जो सोमवार सुबह 10 बजे आई। जबकि दीपावली पर 24 घंटे बिजली देने के के आदेश थे। बिजली न आने से ग्रामीणों के सामने पानी की सबसे बड़ी समस्या रही। दीपावली पर पूजा के लिए दूसरे क्षेत्रों से पानी लाकर व्यवस्था करते दिखाई दिए। ग्रामीणों का कहना है कि जटपुरा फीडर से आए दिन यह समस्या रहती है। वहीं अवर अभियंता हरीश सोनी का कहना है कि फीडर पर केबल में समस्या आने से आपूर्ति बंद करनी पड़ी थी बिजली कटौती नहीं की थी।