टूंडला के गांव मदावली में खेत की मेड़ (सीमा) के पुराने विवाद में बुधवार रात एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल रात में ही तैनात किया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
पुलिस के अनुसार गांव मदावली निवासी धर्मवीर (43) बुधवार देर शाम करीब 8:30 बजे टूंडला से अपने घर लौट रहे थे। धर्मवीर पक्ष का आरोप है कि जैसे ही वह गांव निवासी लालता प्रसाद के घर के सामने पहुंचे मेड़ विवाद से जुड़े दूसरे पक्ष ने उन पर गोली चला दी। गोली सीने में लगने से धर्मवीर सड़क पर ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोलीकांड होते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों ने गांव के ही लालता प्रसाद पर गोली मारने का सीधा आरोप लगाया है।