फिरोजाबाद। पचोखरा थाना क्षेत्र में गढ़ी निर्भय, बंबा रोड पर शुक्रवार सुबह टहल रहे एक किसान को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार सहित उसके चालक को पकड़ लिया। दिनेश यादव (45) निवासी गढ़ी निर्भय, पचोखरा पेशे से किसान थे। हंगामा होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर अमित तोमर ने बताया कि कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मृतक के परिवार से तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मृतक के परिवार में पत्नी बीना देवी और दो बेटियां काव्या और राधिका हैं।