फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में एक झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से किसान की हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी पर परिजन ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कराया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर आ गई। जांच के बाद क्लीनिक को सील कर दिया। नगला चूरा निवासी सौप्रसाद (45) पिछले कई दिन से बुखार और खांसी से पीड़ित थे। वह तिवारी गढ़ी स्थिति एक झोलाछाप से उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार देर शाम वह क्लीनिक पर गए। संचालक ने दवा देने के साथ ही एक इंजेक्शन भी लगा दिया। घर जाते ही किसान की हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजन झोलाछाप की दुकान के आगे शव रखकर हंगामा काटने लगे।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर आ गई। एसीएमओ डाॅ. केके वर्मा के नेतृत्व में टीम ने जांच के बाद क्लीनिक को सील कर दिया। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में अभी कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।