- एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास हादसा, दूसरा चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर शनिवार को खेत जोतने जा रहे एक बुजुर्ग किसान की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि सामने से आ रहे एक अन्य ट्रैक्टर ने टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव उतरारा निवासी 65 वर्षीय अशोक कुमार अपने ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत जोतने जा रहे थे। ट्रैक्टर उनका चालक चला रहा था। जैसे ही वे गांव के समीप एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन पर बैठे अशोक कुमार अपना संतुलन खो बैठे और सीधे ट्रैक्टर के पहिये व मडगार्ड के बीच जा फंसे।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। जब तक लोग उन्हें बाहर निकालते, तब तक अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, टक्कर मारने वाला चालक अपना ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने में सफल रहा।
परिजनों ने लगाया टक्कर मारने का आरोप
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि भागे हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।