वोट बनवाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार: डीएम
- फोटो : Amar Ujala
एमजी कालेज में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश प्रकाश ने कहा वोट बनवाना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। वोट का प्रयोग कर हम एक अच्छी सरकार को चुन सकेंगे। आनलाइन आवेदन खुद भरें तथा एक जनवरी 2017 को जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो रही हो उनके आवेदन कराएं। ताकि मतदाता सूची में नाम शामिल हो सके।
डीएम एमजी कालेज में आयोग के निर्देश पर विधानसभा मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ करने के पश्चात संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कालेज के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि एक सप्ताह तक कालेज में कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप में प्रशासन की टीम भी कालेज में मौजूद रहेगी जो छात्राओं के फार्म भरवाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि डिग्री में प्रवेश लेने वाली लगभग हर छात्रा को वोट बनवाने का अधिकार है। जिले में अभियान का शुभारंभ गर्ल्स कालेज से इस कारण किया गया क्योंकि जेंडर रेशियो काफी कम हैं। जनसंख्या के ही अनुपात में प्रति एक हजार पुरुष मतदाता पर 57 महिला मतदाता कम हैं।
एसडीएम सदर रवींद्र मांदड ने मतदाता सूची में जेंडर रेशियो काफी कम होने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा शीघ्र ही यह अभियान अन्य कालेजों में संचालित होगा। छात्रा विनीता जादौन ने मतदाता बनने का महत्व समझाया तो शशि यादव ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। डीएम ने इससे पूर्व मां सरस्वती के तैलचित्र पर माला पहनाकर एवं दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं के कंप्यूटर कक्ष में जाकर ऑनलाइन फार्म भरवाए। कार्यवाहक प्राचार्या डा.मीना गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। डीआईओएस रवींद्र सिंह, बीडीओ राजेश कुमार मौजूद थे। संचालन उप महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र आरके पाठक ने किया।