यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट ने शुरू कर दिया। शिक्षक मूल्यांकन कार्य करते रहे। वहीं उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संघ ने चौथे दिन भी मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया। डीआईओएस भी बहिष्कार कर रहे शिक्षकों को समझाने पहुंचे।
प्रदेश आह्वान पर शिक्षकों की मांग को लेकर शर्मा गुट ने बोर्ड परीक्षाओं की मूल्यांकन कार्य गुरुवार को शुरू कर दिया। सभी केंद्रों पर चौथे दिन कोठार खोले गए। तीन दिन से बंद पड़ा मूल्यांकन कार्य गुरुवार को शुरू हुआ तो शिक्षकों को ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं। वहीं, उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने बहिष्कार किया। जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि मानदेय न देने के विरोध में मूल्यांकन का बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने कहा जब तक सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं करेगी, तब तक मूल्यांकन कार्य नहीं किया जाएगा। शिक्षकों के बहिष्कार को देखते हुए जिला प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। डीआईओएस रविंद्र कुमार छोटेलाल इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों से मूल्यांकन कार्य शुरू करने को कहा। हालांकि वित्तविहीन शिक्षक संघ अपनी मांगों पर अड़ा रहा। विरोध करने वालों में महासचिव डॉ. रामकैलाश यादव, प्रभारी उमेश यादव, पांडेय गुट के जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री प्रदीप धाकरे, अशोक कुमार, छोटेलाल यादव, उत्तम प्रकाश, राजीव वर्मा, रवींद्रनाथ गर्ग, राकेश कुमार, उत्तम प्रकाश, मुन्नालाल, श्रीओम, पीके, सुधीर आदि प्रमुख थे।
उत्तर पुस्तिकाओं में निकला 50 का नोट
एमजी गर्ल्स इंटर कॉलेज में पहले दिन हाईस्कूल की सामाजिक एवं गणित विषय की उत्तर पुस्तिकाओं को जांचा गया। इस दौरान एक उत्तर पुस्तिका में से पचास का नोट निकला। वहीं, शिक्षकों ने बताया कि इस बार की परीक्षाएं नकलविहीन लग रही हैं। इसका कारण एक जैसी पुस्तिकाएं नहीं आना है।