टोल प्लाजा पर ईटीसी सिस्टम ने दिलाई पर्ची से निजात
- फोटो : अमर उजाला
फीरोजाबाद हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को जल्द ही सभी सुविधाओं से युक्त 14 बूथों वाला हाईटेक टोल प्लाजा मिलेगा। प्लाजा पर ईटीसी सिस्टम शुरू करा दिया है। इससे पर्ची से निजात मिल जाएगी। वाहनों पर ई-टेक लगाए जाएंगे जिससे टोल पर लगा सेंसर बिना उसे रोके सीधे गुजार देगा। यह जानकारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया आगरा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर समर बहादुर सिंह ने टूंडला प्लाजा पर बने कंट्रोल रूम में दी।
उन्होंने कहा कि रविवार से टूंडला और गुराऊ सैमरा अतिकाबाद स्थित टोल प्लाजा पर ईटीसी (इलेक्ट्रानिक टोलिंग कलेक्शन) सिस्टम शुरू करा दिया गया है। टोल से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब रसीद कटाने की जरूरत नहीं होगी। वाहनों पर ई-टेक लगाया जाएगा। ई-टेक लगा वाहन जैसे ही टोल पर पहुंचेगा, टोल पर लगे सेंसर में गाड़ी नंबर रिकार्ड हो जाएगा। संबंधित व्यक्ति के खाते से टोल का पैसा स्वत: ही कट जाएगा। वहीं टोल पर जाम की समस्या से भी निजात मिलगी। उन्होंने कहा कि टोल पर अभी तक 10 लेन ही चालू हैं, इनको बढ़ाकर 14 किया जाएगा। इनमें से सात लेन आने के लिए और सात जाने के लिए बनाई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से टोल पर पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। वहीं एंबुलेंस और आकस्मिक समय में मेडिकल के लिए चिकित्सक की भी तैनाती की जाएगी। इस मौके पर टोल संचालक पंकज दीक्षित व अन्य मौजूद रहे।
200 रुपये में बनेगा ई-टेक कार्ड
टोल प्लाजा पर बिना रुके वाहन गुजारने के लिए ई-टेक कार्ड बनाने की व्यवस्था की गई है। ई-टेक कार्ड 200 रुपये में आजीवन के लिए बनेगा। सिक्योरिटी के रूप में वाहन स्वामी से 200 रुपये जमा कराए जाएंगे। जो कार्ड समाप्त कराने के साथ ही वापस किए जाएंगे। कार्ड बनाने के लिए खाते में कम से कम सौ रुपये का होना अनिवार्य होगा।
ई-टेक कार्ड के लिए यह है जरूरी
टूंडला ब्यूरो। टोल प्लाजा पर ई-टेक कार्ड बनाने के लिए पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) बनाया जाएगा। जहां बैंक कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। ई-टेक कार्ड बनवाने के लिए वाहन स्वामी को गाड़ी की आरसी, निवास प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र साथ लाना होगा। ई-टेक के जरिए टोल देने वाले वाहन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी।