बिजली, पानी को सड़क पर उतरे लोग
- फोटो : अमर उजाला
सुहागनगरी में बिजली, पानी की मची किल्लत को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कांशीराम बिहार दलित बस्ती के लोग नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए। मंडी समिति के समीप कोटला रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक डंडे लेकर हुंकार भरने वाले लोगों को पुलिस ने डंडा फटकार कर रास्ते से हटाया।
कोटला रोड स्थित रानीनगर मोहल्ले के समीप कांशीराम बिहार कालोनी है। यहां के लोग अघोषित बिजली कटौती से भी परेशान हैं। बिजली न मिलने के कारण मोहल्ले में पानी की समस्या गहरा गई है। गर्मी में बिजली, पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। गांव के रवि बघेल, प्रेमचंद्र राठौर, बेंचेलाल, धनराज शंखवार, प्रमोद कुशवाहा, ओमनारायन कुशवाहा, प्रवीन कुमार, सुनीता, कुसुमा देवी, कांतीदेवी, कुसुम, गुड्डी, राकेश, सुमन, रेखा, विक्रांत समेत सैकड़ों महिलाएं, पुरुष व बच्चे मंडी समिति के समीप सड़क पर उतर आए। कोटला मार्ग को जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। चक्काजाम की सूचना पर पहुंची पुलिस की प्रदर्शनकारी कोई भी बात सुनने को राजी नहीं थे। वहीं मौके पर बिजली विभाग के एसडीओ, जेई समेत कोई भी अधिकारी, कर्मचारी नहीं पहुंचा। इससे परेशान होकर पुलिस ने जबरन जाम खुलवा दिया।