फिरोजाबाद। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को विद्युत विभाग की ओर से रख-रखाव और तकनीकी कार्यों के चलते बिजली आपूर्ति आठ घंटे तक बाधित रही। एक दर्जन से ज्यादा मोहल्ले शहर में प्रभावित रहे। इससे आमजन को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।
विद्युत उपकेंद्र एसएन हॉस्पिटल से जुड़े दुर्गा नगर फीडर, बाईपास और ककरऊ फीडर पर आरडीएसएस योजना के अंतर्गत एलटी लाइन पर अनुरक्षण कार्य किया गया। इसके चलते कौशल्या नगर, सरस्वती नगर गली नंबर 7, तिलक नगर और पुरानी मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली नहीं रही।
इसी प्रकार, रसूलपुर उपकेंद्र पर 33 केवी बीसीबी पैनल लगाने के चलते रसूलपुर से जुड़े सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक बाधित रही। उधर रामनगर उपकेंद्र से पोषित परमेश्वर गेट फीडर पर नए विद्युत पोल लगाए जाने के कारण मोहल्ला माथुर, वैश्य हॉस्पिटल, होंडा वाला बैग, रेवती स्कूल और उर्वशी चौराहा क्षेत्र में भी सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
हालांकि विभाग ने एक दिन पूर्व सूचना जारी कर उपभोक्ताओं से आवश्यक कार्य पहले निपटाने की अपील की थी, फिर भी बिजली कटौती के चलते लोगों को गर्मी और अन्य कार्यों में दिक्कत का सामना करना पड़ा। एक्सईएन मागेंद्र कुमार ने बताया कि विद्युतीकरण किया जा रहा है। ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिल सके। इस कारण सप्लाई बंद की गई।