फिरोजाबाद। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) सैलई की बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण शनिवार को शहर में पान का संकट खड़ा हो गया। डब्ल्यूटीपी से सप्लाई नहीं मिलने से शहर में स्थापित पानी की टंकियां नहीं भर पाईं। शहर के अधिकांश मोहल्ला में लोगों को पानी का टोटा झेलना पड़ा।
शनिवार की तड़के 3:30 बजे से सुबह 10 बजे तक डब्ल्यूटीपी सैलई पर बिजली आपूर्ति बाधित रही। सैलई प्लांट से पानी की सप्लाई नहीं मिलने के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों विभवनगर, हनुमान जलाशय, सत्यनगर टापा, नगला बरी और रसूलपुर क्षेत्र में पानी की टंकियां नहीं भर पाईं। शहर के प्रमुख पानी की टंकियां नहीं भर पाने का असर कई मोहल्ला में दिखा। दुर्गानगर, कोटला रोड, सरस्वतीनगर, तिलकनगर, बोद्याश्रम रोड, आर्यनगर, हनुमान रोड, गांधी नगर सहित कई मोहल्लाें में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ा।
एक्सईएन जलकल तारकेश्वर पांडेय के अनुसार डब्ल्यूटीपी सैलई पर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। डब्ल्यूटीपी से पानी सप्लाई नहीं मिल पाने के कारण शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। पेयजल आपूर्ति रविवार को सुचारू होने की उम्मीद है।