एका (फिरोजाबाद)। थाना एका के सुजायतपुर निवासी युवक संदिग्ध हालात में में ज्वलनशील पदार्थ से झुलस गया। उपचार के लिए आगरा मेडिकल कालेज से दिल्ली ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर जलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
सुजायतपुर निवासी सूरजपाल राजपूत (35) पुत्र रामगोपाल राजपूत खेती करता था।शनिवार को सुबह छह बजे वह थाना एका के ग्राम भीकनपुर के समीप रोड के किनारे झुलसी हालत में पड़ा मिला। जानकारी पर परिजन उसे उपचार के लिए एटा ले गए। एटा से युवक को आगरा स्थित एसएन मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। आगरा से उसे दिल्ली रेफर किया गया। आगरा से दिल्ली ले जाते समय सूरजपाल की मौत हो गई।
सूरजपाल की मौत के बाद परिजन शव को गांव लेकर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है सूरजपाल को नगला भारा के निवासी ब्रजेश कुमार पुत्र गोपीचंद्र शाक्य बुलाकर ले गया था। परिजनों को आशंका है कि उसे ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाया गया है। परिजनों ने कहा कि सूरजपाल के रोड के किनारे झुलसी अवस्था में पड़े होने की सूचना भी ब्रजेश ने ही दी थी।
परिजनों ने बताया कि वह घटना के बाद से लापता है। सूचना पर सीओ जसराना ओपी सिंह,एसओ एका अनिल कुमार,एसएचओ जसराना ग्रीशचंद्र गौतम फोर्स के साथ ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है।
मृतक इकलौता बेटा था
एका। मृतक सूरजपाल अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन सुमन देवी है, जिसका विवाह हो चुका है। उसके एक बेटा दिव्यांशु (सात) और एक बेटी प्रज्ञा (तीन) वर्ष की है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसे परिवार की महिलाएं ढांढस बंधा रही हैं।
थाना एका के सुजायतपुर निवासी सूरजपाल राजपूत किसी ज्वलनशील पदार्थ से झुलसा है । उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। उसके दोस्त पर जलाने की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
राजेश कुमार एसपी ग्रामीण फिरोजाबाद।
सूरज सिह - मृतक (थाना एका क्षेत्र के सुजातपुर में मृतक युवक का फाइल फोटो )- फोटो : FIROZABAD