- एका ब्लॉक क्षेत्र के चार गांवों के ग्रामीण दूर से केबल डालने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। एका ब्लॉक के चार गांवों से बिजली विभाग ग्रामीणों से बिल तो वसूल कर रहा है लेकिन गांवों में अभी तक बिजली के पोल नहीं लगाए गए। ग्रामीण काफी दूर-दूर से केबलें डालकर लाइन खींचने को मजबूर हैं। सोमवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव धर्म सिंह यादव ए़डवोकेट ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी रमेश रंजन से की।
डीएम ने बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता को विद्युत पोल लगाने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पोल नहीं लगाए गए तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एका ब्लाक की ग्राम पंचायत पतारा के मजरा नगला नाहर एवं ग्राम पंचायत नगला बाबन के मजरा हरदयाल नगर, रघुवीर नगर एवं पट्टी में बिजली विभाग की ओर से ग्रामीणों को बिजली के बिल थमाने के साथ उनको जमा कराने की कार्रवाई तो की जा रही है। लेकिन इन गांवों में बिजली के पोल अभी तक नहीं लगाए गए। बिजली के पोल नहीं लगाए जाने के कारण यहां के ग्रामीण दूर दराज इलाकों से केबिल डालकर लाइन गांव तक लाए हैं। बिजली विभाग की यह लापरवाही ग्रामीणों के लिए भारी पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने यह जानकारी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता धर्म सिंह यादव एडवोकेट को दी। उन्होंने पूरे मामले से जिलाधिकारी रमेश रंजन को अवगत कराया है। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से गांव में हादसा एवं जनहानि हो सकती है। डीएम ने बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि वह उक्त गांवों में बिजली को पोल लगवाएं। ताकि ग्रामीणों को लाइन खींचने के लिए विवश नहीं होना पड़े।