बिजली विभाग ने बड़े बकायेदारों को नोटिस के साथ फूल थमाए।
अब विद्युत विभाग द्वारा 50 हजार से बडे़ बकायेदारों के खिलाफ गांधीगिरी अभियान शुरू कर दिया गया है। एक्सईएन, एसडीओ और अवर अभियंताओं ने बकायेदाराें को गुलाब का फूल भेंट कर नोटिस थमाए।
शासन द्वारा बड़े उपभोक्ताओं को राहत देने के 100 प्रतिशत छूट के साथ एमनेस्टी योजना लागू की गई है। एमनेस्टी योजना के तहत बकाया बिल जमा कराने को सभी डिविजन को लक्ष्य भी निर्धारित कर दिए। लक्ष्य पूर्ति को विभाग द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर रोज कैंप भी लगाए जा रहे हैं, इसके बाद भी बड़े बकाएदार बिल जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में विद्युत विभाग ने बड़े बकाएदारों को शर्मिंदा करने के लिए गांधीगिरी अभियान शुरू कर दिया है। नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन आरपी वर्मा, एसडीओ आसफाबाद प्रबोध राजपूत, अवर अभियंता अहमद हुसैन, अखिलेश वर्मा ने कोहिनूर रोड, चौकी गेट, पुरानी मंडी, कंबुआन मोहल्ला में 50 हजार से बड़े बकाएदारों को गुलाब का फूल के साथ नोटिस थमाया। एक्सईएन आरपी वर्मा ने कहा है कि बकाएदरों के खिलाफ पहले गांधीगिरी अभियान चलाया जा रहा है। उन्हें फूल के साथ एक सप्ताह का नोटिस दिया जा रहा है।