शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। स्टेशन रोड पर एक दुकान पर जांच के दौरान अवर अभियंता के साथ दुकानदार ने अभद्रता कर दी। हंगामे पर लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। इधर, जेई के साथ अभद्रता की जानकारी पर विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों में रोष फैल गया।
माधवगंज पर तैनात जेई अनिल कुमार शनिवार को स्टेशन रोड स्थित मोबाइल कम्युनिकेशन की दुकान पर चेकिंग करने पहुंचे। चेकिंग के दौरान उन्हें केबिल में कटिया डली होने का संदेह हुआ। इस पर वह जांच के लिए दुकान की छत पर पहुंच गए।
यहां केबिल में कटिया पड़ी मिली। इस पर वह वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि बिजली चोरी का वीडियो बनाते समय दुकान में बैठे दो युवक हाथों में डंडा लेकर आए और मारपीट करने लगे। गालीगलौज के साथ उनके हाथ में लगा मोबाइल भी फेंक दिया। हंगामा होता देखकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
घटना की जानकारी पर विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों में भी रोष फैल गया। एसडीओ मनीष कुमार ने कहा कि इस तरह से तो विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कोई काम ही नहीं कर पायेंगे। लोग चोरी भी करते हैं और ऊपर से मारपीट। ऐसी स्थिति में कोई भी अधिकारी काम करने को तैयार नहीं होगा। उन्होंने बताया कि घटना की थाने में तहरीर दी जाएगी।